
मथुरा(ब्रज ब्रेकिंग न्यूज)। नगर के वरिष्ठ पत्रकार और अधिवक्ता अरुण अनु का निधन हो गया। अपनी परिपक्व और निर्भीक पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले अरुण अनु आज, अमर उजाला, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और कल्पतरु एक्सप्रेस जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दे चुके थे। अरुण अनु मथुरा में केबल टीवी के रूप में ‘मिली विजन” के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक पत्रकारिता के शुरुआती दौर के पत्रकार रहे। मंच के बेहतरीन कवि के रूप में भी पहचान थी।
मूल रूप से जमुनापार के लोहवन गांव के रहने वाले अनु औरंगाबाद में किराए के मकान में रह रहे थे। उनकी पत्नी अपने मायके कोलकाता गई हुई थी। आज सुबह पूजा करते समय वे अचेत हो गए। उनका मकान मालिक उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन से पत्रकारों और अधिवक्ताओं में शोक की लहर है। अंतिम संस्कार आज शाम 8 बजे यमुनापार श्मशान घाट पर किया जाएगा।
लोहबन स्थित उनके पैतृक आवास पर पहुंच कर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव अशोक सिंह चकलेश्वर, जिला कांग्रेस प्रवक्ता उमाशंकर शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता निलेश जागरण, ठाकुर सुरेश सिंह धनगांव, पत्रकार विवेक मथुरिया आदि ने शोक प्रकट किया।




