
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे बरसाना
राधारानी मंदिर में पहुंचकर किया पूजन और दर्शन
रंगोत्सव 2025 कार्यक्रम का किया शुभारंभ
बरसाना(ब्रज ब्रेकिंग न्यूज)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लड्डू होली के अवसर पर बरसाना पहुंच कर राधारानी मंदिर में राधारानी के दर्शन किए। साथ ही रंगोत्सव 2025 कार्यक्रम का शुभारंभ भी किया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बनारस, अयोध्या और प्रयागराज की तरह ब्रज का भी विकास कराया जाएगा।

शुक्रवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरसाना पहुंचे। जहां सर्वप्रथम वे रोप वे के माध्यम से राधारानी मंदिर पर गए। मंदिर में विधिवत पूजन और दर्शन करने के उपरांत मुख्यमंत्री कस्बे के श्री राधा बिहारी इंटर कालेज में जनसभा स्थल पर पहुंचे। उन्होंने रंगोत्सव 2025 कार्यक्रम का दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ब्रज क्षेत्र का पूरी तरह विकास कराना है। जैसे अयोध्या, बनारस और प्रयागराज जैसे स्थानों पर विकास कार्य कराए गए हैं उसी तरह से अब ब्रज के सभी स्थानों पर विकास कार्य कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि ब्रज के विकास के लिए इस बार बजट में भी धन आवंटित किया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि अब दिल्ली में भी भाजपा की सरकार बन गई है इसलिए बहुत जल्द ही यमुना का शुद्धिकरण कार्य भी शुरू हो जाएगा। इससे पूर्व उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, प्रभारी मंत्री संदीप सिंह, सांसद तेजवीर सिंह, विधायक पूरन प्रकाश, विधायक राजेश चौधरी, विधायक मेघश्याम सिंह, विधायक योगेश चौधरी, विधायक ओमप्रकाश सिंह, विनोद अग्रवाल महापौर मथुरा नगर निगम, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय, महानगर अध्यक्ष घनश्याम लोधी, बरसाना नगर पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती विजय सिंह, ब्रज तीर्थ परिषद के अध्यक्ष शैलजाकान्त मिश्र आदि उपस्थित रहे।
