
शहीदों के अधूरे सपनों को साकार करने का संकल्प
मथुरा। शहीदे आजम सरदार भगत सिंह के 119वें जन्म दिवस पर अखिल भारतीय साम्प्रदायिकता विरोधी समिति के तत्वावधान में भगत सिंह पार्क स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप दान कर उनके आदर्शो और सपनों को साकार करने का संकल्प किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सैनानी परिवार के मुखिया वयोवृद्ध कांग्रेस नेता बाबू रमेश चंद्र गर्ग ने की। इस अवसर पर का. शिवदत चतुर्वेदी, कांग्रेस जिला मंत्री अर्पित जादौन, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रदेश मंत्री का. गफ्फार अब्बास एडवोकेट, युवा साहित्यकार योगेश शर्मा, कीर्ति कुमार कौशिक, इंद्र कुमार बजाज, एस के सागर आदि ने धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और समाजवाद के स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों और शहीदों के अरमानों के लिए तानाशाही के खिलाफ व्यापक जन प्रतिरोध की जरूरत पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन साम्प्रदायिकता विरोधी समिति के महामंत्री सुशील सागर एडवोकेट ने किया।
समिति के महानगर संयोजक वैद्य मनोज गौड को आगरा में सीईसी ज्ञानेश कुमार के आगरा स्थित पैतृक आवास पर प्रदर्शन के आरोप में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर और कांग्रेस जनों के साथ पुलिस हिरासत में लिए जाने की इस अवसर पर भर्त्सना की गई। शहीद स्मारक पर देर शाम तक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम जारी रहा।



