
भाजपा नेता की मौत पर उमड़ा जन समूह
बरसाना। भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष व पूर्व सभासद लक्ष्मण सिंह का शुक्रवार को हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उनकी मौत से पूरे बरसाना क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। राजनैतिक, सामाजिक, धार्मिक संगठनों और तमाम क्षेत्रवासियों ने उनकी आकस्मिक मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। कस्बे के चैना के थोक निवासी लक्ष्मण सिंह भाजपा नंदगांव मंडल में उपाध्यक्ष थे। वो पूर्व में नगर पंचायत बरसाना के सभासद भी रह चुके है।
शुक्रवार सुबह करीब चार बजे लक्ष्मण सिंह के कमर में अचानक दर्द उठा। जिसके बाद वो स्थानीय एक डॉक्टर को दिखाने चले गए, लेकिन तबियत खराब होने पर उनके छोटे भाई दिलीप उन्हें लेकर गाड़ी से फरीदाबाद जा रहे थे। तभी रास्ते में लक्ष्मण सिंह ने दम तोड़ दिया। लक्ष्मण सिंह के मौत का समाचार जैसे ही लोगों को मिला तो सैकड़ों की संख्या में लोग उनके घर पर उमड़ पड़े। अचानक से घटी घटना ने सभी को झकझोर दिया। मृतक लक्ष्मण सिंह अपने पीछे एक पुत्री व पुत्र तथा पत्नी को छोड़ गए। जबकि उनके दोनों बच्चे अभी बहुत छोटे है।
लक्ष्मण सिंह की अन्तिम यात्रा में मान मंदिर के सचिव सुनील सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि पदम फौजी, भाजपा के जिला मंत्री रनवीर ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य संजय सिंह, मंडल अध्यक्ष प्रेम सिंह, पूर्व जिला महामंत्री प्रेम श्रोत्रिय, पूर्व जेल विजिटर लक्ष्मण प्रसाद शर्मा, पूर्व वाइस चेयरमैन गोकुलेश कटारा, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता दिवाकर शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष रासबिहारी गोस्वामी, सभासद भोला पहलवान, शेखर, हेमंत शर्मा, राज यादव, हीरालाल, रवि गोस्वामी, रवि चौहान, दिनेश परमार, विक्की अग्रवाल, हरिओम ठाकुर समेत हजारों लोग शामिल रहे।


