
बरसाना ब्राह्मण समाज ने सर्वसम्मति से चुना कैलाशी गौड़ को अध्यक्ष एवं शिव शंकर गोस्वामी को उपाध्यक्ष
बरसाना(ब्रज ब्रेकिंग न्यूज)। ब्राह्मण समाज बरसाना के अध्यक्ष पद के चुनाव हेतु एक आवश्यक बैठक नगर के सुदामा चौक स्थित सारा देवी अतिथि गृह में आहूत की गई थी। बैठक में बड़ी संख्या में विप्र समाज एकत्रित हुआ। इससे पूर्व विप्र समाज के युवा कार्यकर्ताओं ने विप्र सदस्यता अभियान चलाया जिसमें बड़ी संख्या में सदस्य बनाएं गए।
अध्यक्ष के चुनाव में वोट करने का अधिकार सिर्फ सदस्यता ग्रहण कर चुके विप्रों को ही था। शनिवार शाम को समाज के वयोवृद्ध लोगों की मौजूदगी में विप्र समाज की बैठक की शुरुआत हुई, जिसमें सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुनने की सलाह समाज के वरिष्ठ लोगों एक राय होकर दी। जिसे युवा कार्यकर्ताओं ने मान्यता देते हुए सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद पर समाजसेवी भूमिया वाले पंडित कैलाशी गौड़ एवं उपाध्यक्ष पद पर पंडित शिव शंकर गोस्वामी उर्फ भोला मास्टर जी को चुनने की घोषणा निवर्तमान अध्यक्ष पंडित प्रयागराज श्रोत्रिय ने की।
जिस पर बैठक में मौजूद सभी समाज के लोगों ने भगवान परशुराम जी के जयकारे लगाकर समर्थन किया। इस अवसर पर नवनियुक्त अध्यक्ष पंडित कैलाशी गौड़ ने कहा कि उनके लिए विप्र समाज का सम्मान सर्वोपरि है, वे किसी कीमत पर समाज के सम्मान पर आंच नहीं आने देंगे। इस मौके पर विप्र समाज के कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त अध्यक्ष पंडित कैलाशी गौड़ एवं उपाध्यक्ष शिवशंकर गोस्वामी का माला दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।



