वृंदावन (ब्रज ब्रेकिंग न्यूज)। श्रीधाम गोदा विहार मंदिर का 43वाँ वार्षिक प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया।
मंदिर पीठाधीश्वर महंत स्वामी शाश्वत आचार्य ने कहा कि भारत की महान सनातन संस्कृति का दिव्य दर्शन कराने वाले इस भव्य मंदिर की स्थापना 1982 में बसंत पंचमी पर्व के अवसर पर हुई थी। यह वृंदावन के प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है, जो यहाँ पर विराजमान भगवान् के सभी अवतारों, देवी-देवताओं, संत-महात्माओं, महापुरुषों की विग्रहों के लिए विश्वविख्यात है।
इससे पूर्व महंत स्वामी शाश्वत आचार्य ने प्रातः मंगला आरती में वेद मंत्रोच्चारण के साथ भगवान लक्ष्मीनारायणजी के मध्य गौ दर्शन एवं पूजन का अनुष्ठान किया। भगवान की पीत बसंती वस्त्रों में विशेष श्रृंगार आरती की गई ।सांयकाल श्रीरामकृष्ण विवेकानन्द जूनियर हाईस्कूल के नन्हें बाल गोपालों के द्वारा पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ भक्तिपद प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर पंजाब, गुजरात, मध्यप्रदेश आदि स्थलों से आए भक्त परिकर ने बधाई गीत गायन कर खूब नृत्य किया। आयोजन में ब्रजवाला शुक्ला, शकुन्तला आचार्य, प्रियंका शर्मा, शालिनी शर्मा, ब्रजेश पुजारी, लक्ष्मीनारायण तिवारी, वर्षा आचार्य तिवारी, गौरीश शर्मा, भूमि शर्मा गौरव शर्मा, मनीष शर्मा, पूजा शर्मा, राधारमण वशिष्ठ, वंशी तिवारी, गोपाल शरण शर्मा आदि लोग उपस्थित रहे।