
नगर के प्रबुद्ध नागरिकों ने पूर्व निरीक्षक की कार्यशैली को सराहा
बरसाना(ब्रज ब्रेकिंग न्यूज)। एक पुलिस अधिकारी के रूप में हमने अपने कार्यकाल में जनता के साथ कैसा व्यवहार किया है वो हमारे जाने के बाद पता चलता है। आज बरसाना थाना के पूर्व प्रभारी निरीक्षक आजाद पाल सिंह के बरसाना से जाने के तीन साल बाद भी उनके सेवानिवृत्त होने पर बरसाना में उनकी जो शानदार विदाई हुई है। वो मेरे 26 साल के कार्यकाल में पहली बार देखने को मिला। सबसे ज्यादा धन्यवाद के पात्र तो कार्यक्रम के संयोजक वरिष्ठ पत्रकार किशन चौहान व भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रनवीर ठाकुर है। जिन्होंने इस शानदार विदाई समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया है। यह बात बरसाना थाना के पूर्व प्रभारी निरीक्षक आजादपाल सिंह के सेवानिवृत्त होने पर आयोजित विदाई समारोह कार्यक्रम में बोलते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार निर्वाल ने कही।
गुरुवार को कस्बे के एक निजी होटल में बरसाना थाना के पूर्व प्रभारी निरीक्षक आजाद पाल सिंह के सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वरिष्ठ पत्रकार किशन चौहान व भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रनवीर ठाकुर द्वारा किया गया।
विदाई समारोह कार्यक्रम में बोलते हुए चेयरमैन प्रतिनिधि पदम सिंह फौजी ने कहा कि आजाद पाल सिंह दो बार बरसाना में तैनात रहे। इस दौरान जनता से उनका मृदुल स्वभाव रहा। पुलिस व जनता के मध्य उनका सामंजस्य अदभुत था।
वरिष्ठ पत्रकार किशन सिंह चौहान ने कहा कि आजाद पाल सिंह का बरसाना में सबसे अच्छा कार्यकाल रहा। उनके रहते कानून व्यवस्था भी दुरुस्त रही। वहीं जनता से भी उनका मृदुल स्वभाव रहा।
भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रनवीर ठाकुर ने कहा कि आजाद पाल सिंह का बृजवासियों से सदा प्रेम का व्यवहार रहा। यह संयोग ही तो है कि आजाद पाल सिंह ने अपने कैरियर की शुरुआत यमुनोत्री धाम से की और विदाई वृंदावन से। यह एक अद्भुत ही संयोग है।
पूर्व जेल विजिटर लक्ष्मण प्रसाद शर्मा ने कहा कि आजाद पाल सिंह का कार्यकाल सदा कस्बे के लोगों को याद रहेगा। उन्होंने थाना प्रभारी निरीक्षक के पद पर रहते हुए जनता की खूब सेवा की। कभी उन्होंने किसी से भी गुस्से में बात नहीं की।
विदाई समारोह कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य संजय सिंह, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रासबिहारी गोस्वामी, लाडली जी मंदिर के रिसीवर प्रवीन गोस्वामी, वरिष्ठ भाजपा नेता महेश गौड़, वरिष्ठ पत्रकार राकेश श्रोत्रिय, व्यापारी नेता कृष्णदयाल गौड़, विक्की अग्रवाल, कमल गोयंका, केशव अग्रवाल, मोहित अग्रवाल, इंस्पेक्टर रवि भूषण शर्मा, हाथिया चौकी इंचार्ज प्रवीन तेवतिया, नंदगांव चौकी इंचार्ज राहुल सिंह, सहार चौकी इंचार्ज आनंद शर्मा, कस्बा इंचार्ज अवधेश पुरोहित आदि मौजूद थे।