
चित्रा सखी मंदिर में चल रही सप्त दिवसीय भागवत कथा में निर्वतमान डीसीओ ने व्यासपीठ से भक्तों कराई श्रवण
बरसाना(ब्रज ब्रेकिंग न्यूज)। लाडली जी के निजधाम बरसाना में बड़ी परिक्रमा मार्ग स्थित चित्रा सखी मंदिर में चल रही श्रीमद् भागवत कथा में ब्रज के विरक्त संत श्री विनोद बाबा महाराज के कृपा पात्र व मथुरा के पूर्व जिला चकबंदी अधिकारी बालकृष्ण पांडेय ने व्यासपीठ से अपनी रसमयी वाणी में कहा कि श्रीमद् भागवत कथा को पापी धुंधकारी की तरह ही श्रवण करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि धर्मपरायण ब्राह्मण आत्मदेव का पुत्र धुंधकारी अत्यंत पापी, क्रूर और दुराचारी था, जो अपने कुकर्मों के कारण मृत्यु के बाद भयंकर प्रेत बन गया। प्रेत योनि में कष्टों से दुखी होकर धुंधकारी अपने बड़े भाई गौकर्ण की शरण में आया और कहा भइया मेरी मुक्ति करिए। तत्पश्चात महाज्ञानी गोकर्ण ने धुंधकारी को उपाय बताए हुए कहा कि तुम सप्त गांठ वाले बांस में विराजमान हो जाइए, मैं आपको श्रीमद् भागवत कथा का पान कराऊंगा। गोकर्ण ने धुंधकारी की मुक्ति के लिए श्रीमद् भागवत कथा का सात दिन तक आयोजन किया। भागवत कथा के पूर्ण होने भगवान का एक विशेष विमान आया जिसमें बैठकर पापी धुंधकारी भगवान के धाम के लिए गया, क्योंकि पापी धुंधकारी ने श्रीमद् भागवत को एकाग्र होकर श्रवण किया। यदि हम धुंधकारी की तरह ही भागवत जी का श्रवण कर लें तो निश्चित रूप से हमें भी भगवान की शरण में जगह मिल जाएगी।
विदित रहे भागवत ब्यास बालकृष्ण पांडेय ब्रज के विरक्त संत विनोद बाबा महाराज के अनुयाई हैं, साथ ही मथुरा, अलीगढ़, हाथरस और मैनपुरी के प्रभारी जिला चकबंदी अधिकारी भी रह चुके हैं। इसी वर्ष उन्होंने ने शासकीय सेवा से वीआरएस ले लिया। इस मौके पर पूर्व जेल विजिटर लक्ष्मण प्रसाद शर्मा भागवत ब्यास बाल कृष्ण पांडेय का लाडली ओढ़नी पहनाकर अभिनंदन किया। इस अवसर पर गोपाल बाबा, निखिल, विजय, एडीजीसी पंडित केशव भारद्वाज आदि मौजूद रहे।



