
बरसाना। नए शिक्षण सत्र के लिए नगर के श्री राधा बिहारी इंटर कॉलेज में प्रबंधतंत्र द्वारा विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क गणवेश, स्कूल बैग और शिक्षण सामग्री का वितरण किया गया। गणवेश, स्कूल बैग और शिक्षण सामग्री पाकर छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
मंगलवार को श्रीराधा बिहारी इंटर कॉलेज में आयोजित एक समारोह में प्रबंध समिति की ओर से विद्यालय में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों को निःशुल्क गणवेश का वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में प्रवेश लेने वाले सभी नए विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूल बैग वितरित किए गए। विद्यालय के प्रधानाचार्य कमल कुमार गौड़ ने बताया कि कॉलेज में इस तरह गणवेश, स्कूल बैग और अन्य शिक्षण सामग्री का वितरण छात्रों के लिए किया जाता है। कॉलेज की प्रबंध समिति का हमेशा यह उद्देश्य रहता है कि बरसाना क्षेत्र में कोई भी छात्र धनाभाव में शिक्षा से वंचित नहीं रहे।



