
बरसाना में धूमधाम से मनाया गया हनुमान जयंती का त्यौहार
बरसाना(ब्रज ब्रेकिंग न्यूज)। पवनपुत्र हनुमान जी के जन्मोत्सव पर राधा की नगरी बरसाना गुरुवार को राममय नजर आया। सुबह से ही कस्बे में मौजूद प्राचीन हनुमान मन्दिरों में छप्पनभोग व फूल बंगला सजाए गये। वहीं शाम को भव्य झांकियां निकाली गई। झांकियों के कम्पटीशन में राम दरबार की झांकी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
गुरुवार को हनुमान जी के जन्मोत्सव पर कस्बे के राणा की प्याऊ पर स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में भव्य फूल बंगला के साथ छप्पन भोग लगाया गया। वहीं देर शाम को कस्बे में दो दर्जन से अधिक झांकियां निकाली गयी। इस दौरान कस्बे के राणा की प्याऊ से प्रारंभ हुई झांकी पीली कोठी चौराहे, नये बस स्टैंड, बांस मुहल्ला, मेन बाजार, रंगीली गली, सुदामा चौक, बाग मुहल्ला होते हुए पुराना अड्डा तक निकाली गई। चेयरमैन प्रतिनिधि पदम सिंह फौजी ने पुष्प वर्षा कर झांकियों का स्वागत किया।

इस दौरान राम दरबार, पंचमुखी हनुमान, बांके बिहारी, हनुमान, गणेश, दुर्गा, काली, राधारानी, कृष्ण भगवान, शिव शंकर, अष्टसखी, रामलला सहित दो दर्जन से अधिक झांकियां निकाली गयी। इन झांकियों में हाल में दिवंगत हुए संत चंद्रशेखर बाबा उर्फ फरसा वाले बाबा के स्वरूप की झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। झांकियों के कम्पटीशन में संपूर्ण राम दरबार की झांकी प्रथम, शरद पूर्णिमा में बांके बिहारी की झांकी द्वितीय और सेवा कुंज की झांकी तृतीय स्थान पर रही। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान वाली झांकियों को क्रमशः 21 हजार, 15 हजार और 11 हजार रुपए का नगद पुरस्कार दिया गया।
इस मौके पर प्रयागराज श्रोत्रिया, प्रिया शरण हलवाई, मुकेश गोयल, समाजसेवी प्रमोद कुमार गुप्ता, कन्हैया शंकरा, बॉबी सेठ, चिराग खंडेलवाल, चिराग गोयनका, राजेंद्र लवानिया, विवेक अग्रवाल, गौरव सारस्वत, गोविंद फोटो वाले, श्याम सेठ, केशव अग्रवाल, भोला पंडा, पटवारी सेठ आदि उपस्थित रहे।




