
बरसाना की दो हजार निराश्रित साध्वी एवं विधवा माताओं को भोज के साथ दिए उपहार
बरसाना(ब्रज ब्रेकिंग न्यूज)। अंतर्राष्ट्रीय पटल पर श्री राधातत्व की महिमा का प्रचार प्रसार करने वाले जगद्गुरु श्री कृपालुजी महाराज की लाडली बिटिया एवं रंगीली महल संस्था की अध्यक्षा डॉ. कृष्णा त्रिपाठी ने कहा कि ब्रज की निराश्रित साध्वी एवं विधवा माताओं की सेवा ही साक्षात श्री लाडली जू की सेवा है।
शुक्रवार को संस्था की अध्यक्षा डॉ. कृष्णा त्रिपाठी अपनी बड़ी बहन व जगद्गुरु कृपालु परिषद् की चेयरपर्सन डॉ. श्यामा त्रिपाठी के साथ बरसाना क्षेत्र की दो हजार निराश्रित विधवा एवं साध्वी माताओं को दैनिक उपयोग में आने वाली वस्तुएं प्रदान करते समय अपने उदगार व्यक्त कर रहीं थी। उन्होंने कहा कि महाराज जी से मिले संस्कारों के कारण ही हमारी संस्था को ब्रज क्षेत्र के साथ अवध क्षेत्र में भी जरूरत मंद लोगों की विभिन्न प्रकार से सेवा करने का फल प्राप्त हो रहा है।
इस अवसर पर जगद्गुरु कृपालु परिषद् रंगीली महल बरसाना के संस्था सचिव नितिन गुप्ता ने कहा कि विगत वर्षों से बरसाना व बरसाना क्षेत्र के ब्रजवासियों, निराश्रित माताओं, साधुओं एवं स्कूलों के निर्धन छात्र – छात्राओं की समय समय पर अनेक रूप में हृदय से सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सब जगद्गुरु श्री कृपालु जी महाराज की अद्भुत कृपा के चलते ही संभव हो रहा है। संस्था सचिव नितिन गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को बरसाना क्षेत्र के 42 स्कूलों के 6 हजार छात्र – छात्राओं को गर्म जैकेट के साथ कम्बल, गर्म टोपी इत्यादि दिए जाएंगे।



