
बरसाना है राधारानी और श्रीकृष्ण के प्रेम की भूमि
बरसाना(ब्रज ब्रेकिंग न्यूज)। अयोध्या वैराग्य की भूमि है और काशी को ज्ञान और विद्वता की भूमि माना जाता है, पर चित्रकूट और ब्रजमंडल को प्रेम की भूमि माना गया है। चित्रकूट में प्रभु माता सीता और प्रभु राम सदैव निवास करते हैं उसी तरह ब्रज भूमि श्रीराधा और कृष्ण के प्रेम की स्थली है। यह विचार माताजी गोशाला में श्रीराम कथा के दौरान व्यास पीठ से कथा प्रवक्ता मोरारी बापू ने व्यक्त किए।
गुरुवार को बरसाना की माताजी गोशाला में प्रख्यात श्रीरामकथा प्रवक्ता मोरारी बापू ने उपस्थित जन समूह को नौ दिवसीय गौ सूक्त आधारित श्रीरामकथा के छठवें दिन की कथा सुनाई। बापू ने कहा कि ब्रजभूमि की महिमा अद्भुत है, यहां आकर रोने का मन होता है, यहां आकर नृत्य करने का मन होता है। यहां आकर राधारानी की कृपा की अनुभति होती है। यहां आकर कुछ न कर सको तो मात्र यहां के किसी वृक्ष की छाया में बैठ जाओ तो ऊंची अटारी वाली की छाया महसूस होगी।
गौ की महिमा पर बोलते हुए बापू ने अथर्ववेदीय गौ सूक्त के श्लोक के माध्यम से बताया कि गौ हमारा ऐश्वर्य है, हमारी संपदा है, हमारा धन है। ऋषि चाहता है कि उसके घर में गाय का वास हो इसलिए वह इंद्र के कहता है कि इंद्र उसे गाय प्रदान करे। जो गौ पालता है वह स्वयं इन्द्र हो जाता है। हमें चाहिए कि गाय न तो बध्य हो और न ही उसका वध हो। जीव को गौरस का सेवन करना चाहिए।
बापू ने आगे कहा कि वाणी भी गौ है, स्वर्ग भी गौ है, वज्र भी गौ है, खग भी गौ है, वेद भी गौ है और शास्त्र भी गौ है। गौ की महिमा अपार है। सबको गौ का पालन करना चाहिए, गौ के रंभाने की ध्वनि सुनना सबसे पुण्यफल दायक है। श्रीराम कथा प्रसंग में बापू ने माता पार्वती और भगवान शिव के विवाह की कथा सुनाई। इससे पूर्व बापू ने गौ सेवा और ब्रज के वन उपवन, कुंड और यमुना आदि के संरक्षण के लिए ब्रज के विरक्त संत पद्मश्री रमेश बाबा महाराज के प्रयासों की सराहना की। बापू ने कहा कि संतों के कहने मात्र से बड़े से बड़ा कार्य संभव हो जाता है।
छठवें दिन की कथा में बनारस के जगद्गुरु सतुआ बाबा महाराज, हित अम्बरीष जी, सत्य मित्रानंद, गायक बनवारी लाल, महेंद्र प्रताप, महेश जी वृन्दावन, मान मंदिर सेवा संस्थान के अध्यक्ष रामजीलाल शास्त्री, कार्यकारी अध्यक्ष राधाकांत शास्त्री, सचिव सुनील सिंह ब्रजदास, माताजी गौशाला के संयोजक राजबाबा, नरसिंह दास बाबा, रामकथा के आयोजक हरेश एन संघवी, समाजसेवी वीना हरेश संघवी, निकुंज संघवी, नीलिमा संघवी, अवनी संघवी, जिला पंचायत सदस्य संजय सिंह, हिमांशु आदि उपस्थित रहे।
