
ब्रजवासियों ने जताया हर्ष
बरसाना(ब्रज ब्रेकिंग न्यूज)। ब्रजभाषा साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने पर ब्रज के युवा साहित्यकार एवं कवि गौरव गोस्वामी को जयपुर में राजस्थान दिवस महोत्सव के अवसर पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान राजस्थान ब्रजभाषा अकादमी, जवाहर कला केंद्र एवं पोद्दार संस्थान द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित समारोह में प्रदान किया गया।
गुरुवार को राजस्थान दिवस 2026 के अवसर पर जवाहरलाल नेहरू मार्ग स्थित जवाहर कला केंद्र के रंगायन सभागार में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में सिविल लाइंस क्षेत्र के विधायक गोपाल शर्मा, राजस्थान ब्रजभाषा अकादमी की सचिव डॉ. लता श्रीमाली एवं पोद्दार संस्थान के अध्यक्ष डॉ. आनंद पोद्दार ने गौरव गोस्वामी को ब्रजभाषा साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विशेष रूप से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।नंदगांव स्थित नंदबाबा मंदिर के सेवायत तथा बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक के रूप में कार्यरत गौरव गोस्वामी ब्रज के युवा साहित्यकार एवं कवि के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। इस अवसर पर विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि साहित्य संस्कृति का पोषक होता है और युवाओं को अपनी संस्कृति के संरक्षण के लिए इसी तरह आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान ब्रजभाषा कवि एवं साहित्यकार सम्मान समारोह के साथ काव्य पाठ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं फूलों की होली जैसे मनमोहक आयोजन भी हुए, जिन्होंने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।
ब्रज क्षेत्र के युवा कवि गौरव गोस्वामी को मिले इस सम्मान पर साहित्य एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी। इनमें प्रमुख रूप से डॉ. राधा गोविन्द पाठक, गोपाल उपाध्याय ‘गोप’, डॉ. सीमा मोरवाल, राधारानी मंदिर बरसाना के रिसीवर डॉ. यज्ञपुरुष गोस्वामी, आशीष कृष्ण शर्मा (एडवोकेट), श्याम सुंदर गोस्वामी (मुखिया जी), डॉ. रामजीलाल शास्त्री, राधाकांत शास्त्री, डॉ. हरिमोहन गोस्वामी, डॉ. भुवनेश गोस्वामी, शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष लोकेश गोस्वामी, सुनील सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पाण्डेय, केबिनेट मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी, भाजपा नेता दान बिहारी चौधरी, बंसी गोस्वामी सभासद एवं कृष्ण मुरारी गोस्वामी सहित अनेक लोगों ने हर्ष व्यक्त किया।



