
राजकिशोर बने अध्यक्ष और रवि प्रकाश सचिव
मथुरा(ब्रज ब्रेकिंग न्यूज)। प्रगतिशील बुद्धिजीवी एवं सांस्कृतिक कर्मियों की संस्था जन सांस्कृतिक मंच ने आगामी दो वर्ष के लिए अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा की। नई कार्यकारिणी की पहली बैठक राधा ऑर्चिड में संपन्न हुई। बैठक में वर्ष 2026 को मंच का स्वर्ण जयंती वर्ष मनाने के लिए 4 जनवरी को संपन्न हुए स्थापना दिवस कार्यक्रम की विस्तार से समीक्षा करते हुए जोर दिया गया था कि नौजवानों को बड़े पैमाने पर मंच में शामिल कर उन्हें आगे बढ़ाया जाए।
पूर्व प्रस्तावित कार्यक्रमों पर विचार विमर्श करते हुए फैसला लिया गया कि फरवरी माह में लोक संस्कृति एवं ब्रज में अपनी लंबे समय तक भूमिका निभाने वाले कलाकारों को सम्मानित किया जाए। इस सम्मान के लिए मशहूर लोक कलाकार कृष्णा कुमारी एवं कमलेश जी को सम्मानित करने का प्रस्ताव रखा गया इसी के साथ-साथ विलुप्त होती जा रही नौटंकी विधा से संबंधित कलाकारों से मुलाकात की जाए तथा इस विधा पर हुए लेखन कार्य से जुड़े लेखकों को भी कार्यक्रम में शामिल किया जाए। मार्च के महीने में मथुरा में स्थित स्थापित कवि एवं नवांकुर कवियों को एक मंच पर लाकर राष्ट्रीय एकता एवं ब्रज की संस्कृति पर काव्य संध्या आयोजित की जाए। संबंधित कार्यक्रमों के लिए पदाधिकारीयों को संपर्क साधने एवं तारीख निर्धारित करने की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
नई कार्यकारिणी में राजकिशोर अग्रवाल अध्यक्ष, रवि प्रकाश भारद्वाज सचिव, प्रीति अग्रवाल उपाध्यक्ष, आशुतोष गर्ग संयुक्त सचिव, मुरारी लाल अग्रवाल कोषाध्यक्ष, के साथ-साथ डॉक्टर आर के चतुर्वेदी ,सुनील आचार्य, प्रहलाद सिंह, डॉक्टर धर्मराज, सौरभ चतुर्वेदी एवं काव्य सोढी कार्यकारिणी सदस्य हैं।



