
कथा पंडाल में बही भक्ति रस की अविरल धारा
माखन चोरी लीला और कान्हा के ब्याह प्रसंग पर झूमे श्रद्धालु
इंद्रेश उपाध्याय की वाणी से भावविभोर हुआ बरसाना
बरसाना। स्थानीय माता जी गौशाला में चल रहे श्री गिरधरलाल जी के ब्याहुला उत्सव के दूसरे दिन लगन सगाई कार्यक्रम ने पूरे धाम को भक्ति उल्लास में रंग दिया। लाडली जी के भजनों की मधुर गूंज के बीच हजारों श्रद्धालु कथा पंडाल में जुटे और बृज रस की दिव्य अनुभूति के साक्षी बने।
सोमवार को माता जी गौशाला में श्री गिरधरलाल जी के ब्याहुला उत्सव के अंतर्गत दूसरे दिन लगन सगाई कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। सुबह से ही धाम में उत्सव का माहौल बना रहा। कथा पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और लाडली जी के भजनों के साथ कथा का शुभारंभ हुआ। भक्ति रस से सराबोर वातावरण में हर ओर राधा नाम की गूंज सुनाई दी।
कथा प्रवक्ता इंद्रेश उपाध्याय ने श्रीकृष्ण की माखन चोरी लीला का मनोहारी प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि गोपियां लाला की शरारतों की शिकायत लेकर आती हैं और उनके ब्याह की बात कहती हैं। कथा में वर्णन आया कि कान्हा तुरंत माता यशोदा के पास पहुंचते हैं और पूछते हैं गोपी क्या कह गई। मईया उत्तर देती हैं छोटी सी गोरी बहू लाकर दे दे। यह सुनकर लाला प्रसन्न हो जाते हैं। आगे प्रसंग में कान्हा बलदाऊ को ब्याह में संग न ले जाने की बात कहते हैं जिससे कथा पंडाल में भक्तों के चेहरों पर मुस्कान फैल गई और वातावरण आनंद से भर उठा। कथा के दौरान श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। पूरा पंडाल भक्ति भाव में डूबा रहा और श्री गिरधारगोपाल जी के ब्याहुला उत्सव की दिव्य छटा से बरसाना धाम सराबोर हो गया। उत्सव के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विविध धार्मिक आयोजन होंगे जिनमें श्रद्धालुओं की निरंतर सहभागिता बनी रहेगी।
कार्यक्रम में बृज क्षेत्र के रसिक संत, गौवत्स राधा कृष्ण महाराज, सरसकुंज महाराज, अलबेली शरण माधुरी, मस्तराम बाबा हरिद्वार, अन्य संत जन के साथ साथ मोहित अग़वाल, अनुज, अभिषेक, गायक बी प्राक, साधु समाज, स्थानीय श्रद्धालु और दूर दूर से आए भक्त उपस्थित रहे।



