
वृन्दावन के भागवत प्रवक्ता इंद्रेश उपाध्याय के आराध्य हैं गिरधरलाल जू
11 से 15 जनवरी तक चलेगा पंचदिवसीय आयोजन
बरसाना (ब्रज ब्रेकिंग न्यूज)। वृन्दावन के प्रसिद्ध भागवत प्रवक्ता इंद्रेश महाराज के आराध्य और सेव्य गिरधरलाल जू का पंचदिवसीय ब्याहुला महोत्सव श्रीधाम बरसाना की पावन धरा पर पैंसठ हजार गोवंश की उपस्थिति में माताजी गोशाला के प्रांगण में कल (रविवार) से प्रारंभ होगा।
शनिवार को एक स्थानीय होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में आयोजन के बारे में जानकारी देते हुए प्रख्यात श्रीमद्भागवत कथा प्रवक्ता कृष्णचंद्र ठाकुरजी ने कहा कि संस्कृत, संस्कृति और संस्कारों के संवर्धन के पावन उद्देश्य के साथ इस ब्याहुला उत्सव का आयोजन श्रीराधारानी के बरसाने में किया जा रहा है।
ठाकुरजी ने बताया कि गिरधरलालजू का प्राकट्योत्सव प्रतिवर्ष 14 जनवरी को मनाया जाता है, इस बार यह उत्सव बरसाना में मनाया जा रहा है और इसे श्रीराधागिरधर लाल जू के ब्याहुला उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।
इस पंचदिवसीय उत्सव में प्रतिदिन श्रीमद्भागवत के माध्यम से हरिचर्चा की जाएगी और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। कार्यक्रम के पहले दिन रविवार को श्रीजी और उनकी अष्टसखियों का प्राकट्य, दूसरे दिन श्रीलाल जू की लगन सगाई, तीसरे दिन श्रीजी की हल्दी और मेहंदी, चौथे दिन श्रीलाल जू की भव्य बारात लग्न मंडप और संपूर्ण विवाह मनोरथ होंगे, पांचवें दिन ज्यौनार और श्रीप्रियाप्रीतम के विवाह की बधाई होगी।
कार्यक्रम में बरसाना के संत रमेश बाबा महाराज, विनोद बाबा महाराज, मलूक पीठाधीश राजेंद्र दास महाराज, गुरु शरणानंद महाराज आदि के साथ ब्रज के कई अन्य संत महात्मा उपस्थित रहकर अपने वचनों से वैष्णव भक्तों को कृतार्थ करेंगे। साथ ही भगवती प्रसाद गंधर्व, पूनम दीदी, राधाकृष्ण महाराज, चित्र-विचित्र दास, निकुंज कामरा, आरुषि गंभीर, बी. प्राक, कीर्तिमान गढ़वी और दिव्यदास आदि की उपस्थिति से उत्सव का सांस्कृतिक पक्ष शोभायमान होगा। ठाकुरजी ने सभी से ब्याहुला उत्सव में शामिल होने का निवेदन भी किया।



