136वें जन्म दिवस पर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
मथुरा(ब्रज ब्रेकिंग न्यूज)। स्वातन्त्रय नायक और स्वतन्त्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू वास्तविक अर्थों में आधुनिक भारत के निर्माता थे। जिन्होंने स्वतंत्रता को सलामत रखने के लिए देश के औद्योगिक, वैज्ञानिक योजनाबद्ध विकास की नीव रखी। बाँध, भारी उद्योग, तकनीकी और मेडिकल संस्थान बनवाए। सार्वजनिक क्षेत्र और मिश्रित अर्थ व्यवस्था की अवधारणा पेश की। सन्सदीय जनतन्त्र और धर्म निरपेक्षता की पुख्ता नींव रखी। पांडेचेरी, गोवा, कश्मीर का भारत में विलय नेहरू के प्रयासों का परिणाम है। नेहरू महान लोकतन्त्रवादी थे। उक्त उदगार अ.भा. साम्प्रदायिकता विरोधी समिति की मथुरा इकाई द्वारा जवाहर नर्सरी में नेहरू जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए का. शिवदत्त चतुर्वेदी ने व्यक्त किए।
शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की जयंती के अवसर पर जवाहर नर्सरी में आयोजित कार्यक्रम के संयोजक व जिला कांग्रेस महासचिव वैद्य मनोज गौड़ ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने भारत को एकजुट कर देश में औद्योगिक संस्थानों का निर्माण कर आधुनिकता प्रदान की। देश के इतिहास में पंडित नेहरू का नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित है। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला ने पंडित जवाहरलाल नेहरू को अपना रोल मॉडल माना था। पंडित नेहरू जी को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
इस अवसर पर मुख्य रूप से का. गफ्फार अब्बास एडवोकेट, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर, सुशील सागर एडवोकेट, महेश चौबे, प्रवीण भास्कर एडवोकेट, सुरेश शर्मा, टिकेंद्र शाद, उमाशंकर शर्मा आदि ने उपस्थित होकर पंडित जवाहरलाल नेहरू जी को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया।