
बरसाना(ब्रज ब्रेकिंग न्यूज)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर बरसाना में स्वयंसेवकों ने पथ संचलन निकाला। अनुशासन और उत्साह के साथ स्वयंसेवकों ने भाग लिया जिनका लोगों ने पुष्प वर्षा से स्वागत किया। पथ संचालन के साथ साथ विजयदशमी उत्सव और शस्त्र पूजन का भी किया गया। वक्ताओं ने संघ के उद्देश्य और शताब्दी वर्ष के महत्व पर प्रकाश डाला।
गुरुवार को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर कस्बे के श्रीजी गार्डन में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में सभी उपस्थित स्वयंसेवकों ने भारत माता, संघ के संस्थापक डॉ. केशव राव बलीराम हेडगेवार और माधव राव सदाशिव राव गोलवलकर के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद स्वयंसेवकों ने एकल गीत और प्रार्थना की और शस्त्र पूजन किया। शाम को कस्बे में पथ संचलन किया गया जहां जगह जगह स्वयंसेवकों का पुष्प वर्षा से स्वागत अभिनन्दन किया गया। इस आयोजन के माध्यम से संघ की परंपराओं और मूल्यों को दर्शाया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विनोद बाबा के शिष्य पंडित बाबा ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम संत हैं तो इसका मतलब ये नहीं है कि हमारा राष्ट्र से कोई नाता नहीं है बल्कि पहले हम सब सनातनी है और राष्ट्र के अंश हैं। हमें अपनी गौरवशाली परंपरा पर गर्व होना चाहिए। संघ की 100 वर्ष की यात्रा में व्यक्ति निर्माण, राष्ट्रभक्ति और सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। युवाओं को समाज के लिए आदर्श बनना होगा क्योंकि उनके आचरण से ही समाज का निर्माण होगा। संघ के विचारों को आत्मसात करके समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त किया जा सकता है।
जिला प्रचारक कुश ने अपने संबोधन में कहा कि विजय दशमी का अर्थ ये नहीं है कि राम ने रावण को मारा था बल्कि नीति की अनीति पर विजय थी। संघ की नींव शाखाओं में शारीरिक और बौद्धिक विकास के साथ व्यक्तित्व निर्माण के लिए है और संघ आज पूरे विश्व में एक विशाल रूप ले चुका है यानी वटवृक्ष का रूप ले चुका है और राष्ट्र उत्थान के लिए कार्य कर रहा है। संघ हमेशा से राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहता है।
कार्यक्रम में जिला सह संघचालक घनश्याम, खण्ड कार्यवाह गौरव शर्मा, नगर सह कार्यवाह रजत गौड़, सह खण्ड कार्यवाह टीकम सिंह, सह जिला प्रचार प्रमुख हीरालाल, सह जिला शारीरिक प्रमुख सचिन, खण्ड संघचालक नरेंद्र अग्रवाल, नगर संघचालक डॉ सत्यप्रकाश, नगर प्रचार प्रमुख भूपेश, महेश गौड़, विवेक अग्रवाल, पवन दास, तरूण छौंकर, सोनू गोयनका, मोहित अग्रवाल, नन्दन लाल शर्मा, कपिल राजपूत, लक्ष्मण सिंह, रवि, संजय प्रधान आदि स्वयं सेवक उपस्थित रहे।
