
बरसाना में विकसित की जाएगी टाउनशिप
बरसाना में रंगीली गली चौक का होगा विस्तार
बनेंगे अष्टसखियों के मंदिरों तक जाने वाले मार्ग
मथुरा (ब्रज ब्रेकिंग न्यूज)। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में कैबिनेट मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता में जनपद मथुरा के पांच वर्षीय समेकित विकास योजना (मथुरा विजन 2030) के संबंध में बैठक आयोजित हुई।
रविवार को ब्रज विकास के लिए विजन 2030 के अंतर्गत 22 विभागों द्वारा प्रस्तावित 100 विकास परियोजनाओं का प्रजेंटेशन प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इन परियोजनाओं पर 26362 करोड़ रुपए की लागत आने का आंकलन किया गया है। प्रस्तावित परियोजनाओं पर जनप्रतिनिधियों ने अपने सुझाव भी रखे, जिन्हें शामिल किया जाएगा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने 22 विभागों के साथ मिलकर विजन 2030 तैयार किया है। इसमें 600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार होने वाले श्री बांके बिहारी जी कोरिडोर के विकास पर सबसे पहले चर्चा हुई। बताया गया कि कोरिडोर के बनने से देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेंगी। इसमें 10 हजार लोगों को दर्शन से पहले रुकने की सुविधा होगी। इससे प्रभावित लोगों को ही प्राथमिकता पर कोरिडोर में बनने वाली दुकानों को देने का प्रयास रहेगा।
इसके अलावा वृंदावन में यमुना जी पर सिग्नेचर पुल का निर्माण, बेगमपुर पर पार्किंग, वृंदावन में सप्त देवालय सर्किट के एप्रोच मार्ग, कोरिडोर के आस पास 1.5 किलो मीटर क्षेत्र में हरिद्वार में राम की पौड़ी के पैटर्न पर कृष्णा पौड़ी का विकास, रिवर फ्रंट का विकास, वृंदावन परिक्रमा मार्ग का सौंदर्यीकरण,मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान के आस पास आबादी क्षेत्र की गलियों का विकास, यमुना पार से कंस किला के लिए एलिवेटेड रोड और पार्किंग, मसानी चौराहे पर फ्लाईओवर, धौली प्याऊ और रेलवे ग्राउंड के निकट रेलवे फाटक पर भी फ्लाई ओवर, नए बस स्टैंड पर फ़्लाई ओवर, जवाहर बाग में कृष्ण लोक पार्क निर्माण, बरसाना में रंगीली चौक का विस्तारीकरण, परिक्रमा मार्ग पर पार्किंग, पर्यटन होल्डिंग ऐरिया, राधा रानी के अष्ठ सखियों के मंदिरों का संपर्क मार्ग का निर्माण की परियोजना सहित विभिन्न अन्य परियोजनाएं शामिल की गई है।
इसके अलावा ब्रज 84 कोस परिक्रमा मार्ग व पड़ाव स्थल, बलदेव, राधाकुंड, गोवर्धन और कोटवन में शनिधाम में पर्यटक सुविधा केंद्र का निर्माण, मथुरा-वृंदावन रेलवे ट्रेक की जगह चार लेन मार्ग निर्माण सहित अनेक मार्गों का विस्तार और नवीन निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया है। हिन्दुस्तान कालेज से गोवर्धन तक फोर लेन सड़क का निर्माण, जिसे बरसाना तक बढ़ाने का सुझाव दिया गया। सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि प्रस्तावित इन सभी परियोजनाओं के निर्माण में 26362 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने सभी परियोजनाओं को बारीकी से समझते हुए जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों को भी शामिल करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सिंचाई विभाग एवं पीडब्ल्यूड़ी अभियंताओं को कई योजनाओं के लिए फिर से सर्वे के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने माननीय कैबिनेट मंत्री को अवगत कराया कि उक्त योजनाओं को विभिन्न चरणों में पूरा किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि उक्त परियोजनों में कलेक्ट्रेट में मल्टीलेवल पार्किंग की सुविधा, 18 प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा केंद्रों का निर्माण, मथुरा वृंदावन में सोलर स्ट्रीट लाइट, 36 पौराणिक वन का इकोरेस्टोरेशन, बरसाना में टाउनशिप, गोवर्धन में टाउनशिप, आधुनिक कान्हा गौशाला, प्रमुख मंदिरों में ऐ0आई0 कैमरा, विकास बाजार का रीडेवलपमेंट आदि को लिया गया है।
बैठक में सांसद तेजवीर सिंह, विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, विधायक मांट राजेश चौधरी, विधायक गोवर्धन ठाकुर मेघश्याम सिंह, सांसद प्रतिनिधि जनार्दन सिंह, मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्याम बहादुर सिंह, नगर आयुक्त जग प्रवेश, मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना, डीएफओ रजनीकांत मित्तल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/ उप जिलाधिकारी सदर निशा ग्रेवाल, एस0पी0 सिटी अरविंद कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अजय कुमार सिंह, जिला उद्यान अधिकारी मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बरसाना को मिलेगा इन योजनाओं का लाभ
इन विकास योजनाओं से बरसाना को भी लाभ मिलेगा। बरसाना के रंगीली चौक का विस्तारीकरण किया जाएगा। परिक्रमा मार्ग में पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। पर्यटन होल्डिंग एरिया विकसित किए जाएंगे। बरसाना से राधारानी की अष्टसखियों के मंदिरों तक जाने वाले मार्ग मार्ग विकसित किए जाएंगे। राजमार्ग पर स्थित हिंदुस्तान कॉलेज से गोवर्धन तक बनेगी फोर लेन सड़क, जिसे बरसाना तक भी बढ़ाया जाएगा। साथ ही बरसाना में प्रस्तावित टाउनशिप विकसित की जाएगी।